Headlines
Loading...
लखनऊ में कल्याण सिंह को याद कर भावपूर्ण हुए राजनाथ सिंह और बोले भाई साहब ने नकल विरोधी कानून लागू करने में दिया था अहम योगदान

लखनऊ में कल्याण सिंह को याद कर भावपूर्ण हुए राजनाथ सिंह और बोले भाई साहब ने नकल विरोधी कानून लागू करने में दिया था अहम योगदान


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में पूर्व सीएम कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया. यह लखनऊ में कल्याण सिंह की दूसरी प्रतिमा है. इससे पहले सीएम योगी ने भी उनकी प्रतिमा का अनावरण किया था.


देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के लखनऊ  के दौरे का आज तीसरा और अंतिम दिन है. आज राजनाथ सिंह ने लखनऊ नगर निगम मुख्यालय के ठीक सामने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह  की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया. इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कल्याण सिंह को याद करते हुए उनसे जुड़े तमाम किस्से सुनाए.


राजनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षा मंत्री रहते हुए वह नकल विरोधी जो कानून लेकर आए थे वह केवल तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की वजह से ही संभव हो पाया था. उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि निर्माण में कल्याण सिंह क्या भूमिका रही है यह सभी को पता है.


 राजनाथ सिंह ने कहा कि वह हमेशा कल्याण सिंह को भाई साहब कहते थे. उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जब मुख्यमंत्री थे उस वक्त कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर जो कामयाबी हासिल हुई ऐसे ही कामयाबी अब योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो सरकार है उसे हासिल हुई है. कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री रहते यूपी की कानून-व्यवस्था की चर्चा दूसरे राज्यों में होती थी तो अब योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून-व्यवस्था की चर्चा दूसरे राज्यों में हो रही है.


 रक्षा मंत्री ने कहा कि जब कल्याण सिंह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे तब वह युवा मोर्चा के अध्यक्ष थे और कई बार कल्याण सिंह के साथ बैठकर ताश खेला करते थे.राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि प्रदेश में कई सरकारें रहीं लेकिन उन सरकारों में उत्तर प्रदेश में इज ऑफ डूइंग क्राइम था, जबकि कल्याण सिंह जब मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने इज ऑफ डूइंग बिजनेस का माहौल यूपी में पैदा किया.


 राजनाथ सिंह ने साफ तौर पर कहा कि कल्याण सिंह के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उत्तर प्रदेश में बीजेपी आगे बढ़ी. वहीं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी इस मौके पर कल्याण सिंह को याद किया .अब लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की दो प्रतिमा हो गई है. एक प्रतिमा का अनावरण हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था और आज दूसरी प्रतिमा का अनावरण राजनाथ सिंह ने किया है.

-