Headlines
Loading...
जौनपुर :: जफराबाद थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेम प्रपंच का है मामला...

जौनपुर :: जफराबाद थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, प्रेम प्रपंच का है मामला...


ब्यूरो,जौनपुर, जफराबाद। क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर रात 20 वर्षीय युवक तथा 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। दोनों पिछले डेढ़ साल से एक दूसरे से प्रेम कर रहे थे। लेकिन दोनों के परिवार वाले उनके प्यार को स्वीकार नहीं कर रहे थे। कयास लगाया जा रहा है कि परिजनों के विरोध के चलते ही दोनों विषाक्त पदार्थ खाकर बुधवार की रात मौत को गले लगा लिए। पुलिस को सूचना दिए बगैर दोनों के परिजनों ने आज सुबह दोनो का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से गांव में कोहराम मचा रहा।

गांव की 28 वर्षीय दो बच्चों की मां का पति किसी प्रकार नौकरी करके रोजी रोटी चलाता है। गरीबी का दंश झेल रही महिला का अपने पड़ोस के 20 वर्षीय युवक से प्रेम हो गया था। पिछले डेढ़ वर्ष से प्रेम चल रहा था। दोनो पहले तो चोरी से मिलते थे। मोबाइल पर बात होती थी। इधर कई महीनों से दोनों खुलकर मिंलने लगे थे। दोनो के रिश्तों को लेकर कई बार परिवार के लोगों में झगड़ा हो चुका था।

महिला का पति लगातार अपनी पत्नी को मना करता था लेकिन वह मान नहीं रही थी। जिससे पति भी काफी परेशान था। महिला तथा युवक एक दूसरे के बिना नहीं रह पाते थे। बताया जाता है बुधवार की शाम को महिला तथा युवक लगभग सात बजे शाम को कुछ खा लिए। दोनो की हालत बिगड़ने लगी।

दोनो के परिजन उन्हें लिवाकर शहर के एक निजी नर्सिंग होम गए। चिकित्सक ने दोनो को वाराणसी रेफर कर दिया गया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में बाबतपुर के पास युवक की मौत हो गयी। उसे लेकर उसके परिजन वापस घर नही पहुंच पाए थे कि महिला की भी वाराणसी के एक निजी अस्पताल में पहुंचते ही मौत हो गयी। 

दोनों का शव रात लगभग दो बजे लेकर परिजन घर पहुंचे। गुरुवार की सुबह बिना पुलिस को सूचना दिये परिजनों ने शहर के रामघाट पर दोनों का अंतिम संस्कार कर दिए। थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की कोई सूचना नही मिली है।