यूपी न्यूज
वाराणसी में जाम समस्या निवारण के लिए ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटा दिया जायेगा।

एजेंसी डेस्क::(ब्यूरो), वाराणसी। शहर में भीषण जाम का प्रमुख कारक बने ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटाये जाने की तैयारी चल रही है।

जिला प्रशासन ने ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटाये जाने के सम्बन्ध में गठित कमेटी द्वारा ई-रिक्शा के संचालन के लिए मुख्य मार्ग को छोड़कर जोनवार मार्ग का निर्धारण कर दिया गया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने रविवार को बताया कि परिवहन विभाग व यातायात विभाग द्वारा ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटाये जाने की कार्यवाही प्रचलन में है। शीघ्र ई-रिक्शा को मुख्य मार्ग से हटा दिया जायेगा। राज्य सड़क सुरक्षा परिषद द्वारा ई-रिक्शा को मुख्य मार्गों से फीडर मार्गों पर प्रतिस्थापित करने के लिए तीन माह की समयावधि प्रस्तावित की गयी है। निर्धारित समयावधि में उक्त कार्यवाही सम्पादित कर दी जायेगी।
बताते चलें कि वाराणसी में संभागीय परिवहन प्राधिकरण की पूर्व की बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने व जाम की समस्या से आमजन को निजात दिलाए जाने के लिए ई रिक्शा का मार्ग निर्धारण की बात हुई थी। बैठक में रूटवार रंग निर्धारण पर जोर दिया गया था लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्य नहीं हुई है। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है। अवैध ऑटो ई-रिक्शा का संचालन शहर में हो रहा है। बगैर परमिट के वाहन दौड़ रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है।