जेवर बनाने को सराफ ने दिया था 34 लाख का सोना, दुकान बंद कर तीन कारीगर हुए फरार, अब पुलिस पश्चिम बंगाल तक कर रही तलाश...
देहली गेट थाना क्षेत्र से तीन सराफ का करीब 34 लाख कीमत का 355 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी तीन कारीगर भाग गए। पीड़ितों ने आरोपियों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
तेजाब मार्केट नील की गली में दलीप सिंह लोधी और संजीव सिंह लोधी की ज्वेलरी की दुकान है। उन्होंने पश्चिमी बंगाल के हुगली निवासी कारीगर पबीर मंडल, संदीप पांजा और समीर मंडल को 26 अप्रैल को आभूषण बनाने के लिए करीब 250 ग्राम सोना दिया था। इन्हें छह अप्रैल को आभूषण देने थे।
शनिवार सबुह दलीप सिंह लोधी ने आरोपियों की दुकान बंद देखी तो फोन किया। मोबाइल बंद था। इस पर वह आरोपियों के घर गए तो वहां ताला लटका था। मुसद्दीलाल मार्केट में सराफ की दुकान चलाने वाले तपन मन्ना ने भी आरोपियों को 18 अप्रैल को आभूषण बनाने के लिए 110 ग्राम सोना दिया था।उनसे सात मई को आभूषण देने का वादा किया गया था। इससे पहले ही आरोपी सोना लेकर भाग गए। शनिवार शाम पीड़ितों ने देहली गेट थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटनाएं बढ़ने पर पुलिस ने चलाया था सत्यापन अभियान
सराफा कारोबारियों का सोना लेकर कारीगरों के भागने की घटनाएं बीते वर्ष काफी बढ़ गई थीं। इससे सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया था। इनमें ज्यादातर कारीगर पश्चिमी बंगाल के रहने वाले थे। कई आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। जबकि कुछ का अभी तक भी कोई सुराग नहीं मिला है। तब पुलिस ने अभियान चलाकर सराफा बाजार में काम करने वाले कारीगरों का सत्यापन कराने का अभियान चलाया था। बताया जा रहा है कि कई कारीगरों का सत्यापन इसमें नहीं हो पाया था।
कारीगर के सोना लेकर फरार होने के कई बड़े मामले
- 22 फरवरी 2025 कोतवाली क्षेत्र के सराफ बादशाह मुल्ला का 175 ग्राम सोना कारीगर दीपक ने हड़पा, धमकी दी।
- 31 जनवरी 2025 देहली गेट क्षेत्र के कानूनगोयान पत्थरवालान निवासी कृष्पेंदु भुक्ता का 100 ग्राम सोना लेकर कारीगर भागा।
- 13 अक्तूबर 2024 को देहली गेट थाना क्षेत्र से सराफ सुदीप भुईया का 23.50 लाख कीमत का सोना लेकर कारीगर भागा।
- 7 अक्तूबर 2024 को देहली गेट क्षेत्र से सराफ शेख शरीफुल हुसैन का 150 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर भागा।
- 9 सितंबर 2024 को देहली गेट थाना क्षेत्र की नील गली निवासी सराफ हैदर अली का पार्टनर उत्तम कुंडलिक करीब दो करोड़ का सोना लेकर भागा।
- 20 अगस्त 2024 को सदर बाजार क्षेत्र से थापर नगर निवासी सराफ सतीश का 245.81 ग्राम सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर भागा।
- 12 अगस्त 2024 को देहली गेट थाना क्षेत्र की नील गली से सराफ संजय रस्तोगी का 205 ग्राम सोना लेकर स्वामीपाड़ा निवासी कारीगर भागा।
- 9 जून 2024 को सदर सराफा बाजार से सराफ संदीप शिंदे का 11 लाख की कीमत का सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर भागा।
- 9 मई 2024 को देहली गेट थाना क्षेत्र के जत्तीवाड़ा से सराफ सागर मल का चार लाख का सोना लेकर पश्चिम बंगाल निवासी कारीगर भागा।