महाकुंभ में दिग्विजय सिंह ने बेटे जयवर्धन सिंह के साथ लगाई आस्था की डुबकी, 'मेरे लिए यह...' देश प्रदेश वासियो के खुशहाल रहे, कामना की...
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ लोग आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। महाकुंभ में बुधवार (12 फरवरी) को मध्य प्रदेश के पू्र्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी अपने बेटे जयवर्धन सिंह के साथ महाकुंभ पहुंचे।
दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे विधायक जयवर्द्धन सिंह के साथ आज माघ पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज महाकुम्भ में त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उन्होंने इस अवसर पर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
डुबकी लगाने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा कि हर आदमी को अपनी आस्था बनाये रखना चाहिए. पिछले तीन कुंभ में हम स्नान करने आये थे, मेरे लिये यह राजनीतिक विषय नहीं है, आस्था का विषय है।
उन्होंने महाकुंभ हादसे पर कहा कि जो कुंभ में दुर्घटना हुआ था वह दुख का बात था. आप पहले कह रहे थे की हमने 100 करोड़ लोगों की व्यवस्था की है. अगर व्यवस्था ठीक रहती तो जाम नहीं होता. इसको हमें इवेंट नहीं मानना चाहिए, ये आस्था का विषय है. पार्किग और बस की व्यवस्था होती तो इस तरह का घटना नहीं होती।
दिग्विजय सिंह के अलावा जयवर्धन सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "आज प्रयागराज में मेरे पिता दिग्विजय सिंह के साथ महाकुंभ माघ पूर्णिमा के पावन दिन पर त्रिवेणी संगम में स्नान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मां गंगा यमुना सरस्वती, सूर्यदेव भगवान, हमारे पितरों व देवी देवताओं का आशीर्वाद और असीम कृपा सदैव बनी रहे।"