यूपी :: 103 साल का बिल देखकर होश उड़े, 1994 में घर खरीदा, केस्को ने 1911 से बिजली का बकाया बिल भेजा,,,।
कानपुर में प्रेमनगर के बुजुर्ग राहुल निगम दो दिन से अजीब उलझन में हैं। परेशानी की वजह केस्को है। केस्को ने 66 साल के राहुल को 103 साल का बिजली का बिल थमा दिया है। राहुल निगम छह साल पहले स्टेट बैंक मुख्य शाखा से रिटायर हुए थे। वह 1994 से प्रेमनगर में परिवार के साथ रह रहे हैं। उन्होंने यह मकान महिपाल सिंह से खरीदा था। उनके नाम के बिजली मीटर को अपने नाम पर ट्रांसफर भी कराया था।
सबकुछ अच्छे से चल रहा था, लेकिन दो दिन पहले यानी 18 अक्तूबर को उनके आवास पर केस्को टीम आई और एक नोटिस चस्पा लगाकर चली गई। लाल रंग का यह नोटिस देखकर राहुल कुछ समझ न सके।
काफी माथापच्ची के बाद वह चमनगंज स्थित बिजली सबस्टेशन गए और नोटिस के बारे में जानकारी लेनी चाहिए। यहां पर उन्हें बताया कि आप पर एक जनवरी 1911 से 31 मार्च 2014 यानी 103 साल का बिजली बिल बकाया है। नोटिस में बकाया रकम 1,55,883 रुपये का उल्लेख है। बकाया बिल में राहुल के छोटे भाई अनुराग निगम का भी नाम दिया गया। केस्को के तकनीक अधिशाषी अभियंता, श्रीकांत रंगीला ने इस बारे में सवाल किए जाने पर कहा कि मामले की जानकारी नहीं है, तकनीकी समस्या के कारण ऐसा हुआ है। कागजात को देखकर ही आगे कुछ कहा जा सकता है।
हजारों लोगों का पैसा हुआ था गायब
बता दें कि इससे पहले भी केस्को में गड़बड़ी हो चुकी है। हजारों लोगों ने ऑनलाइन अपना बिजली का बिल जमा किया था लेकिन विभाग को नहीं पता चला कि उनका पैसा कहां गया। कुल 1731 लोगों के 1 करोड़ 48 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई थी। केस्को के अधिकारियों ने आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारियों के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज करवाई थी।