Headlines
Loading...
मुजफ्फरनगर: दबंगों की धमकी से तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, शादी के पहले से परेशान कर रहे थे युवक

मुजफ्फरनगर: दबंगों की धमकी से तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, शादी के पहले से परेशान कर रहे थे युवक




एजेंसी डेस्क
उत्तर प्रदेश के जिले मुजफ्फरनगर में दबंगों की धमकी से परेशान होकर छह महीने की विवाहिता ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की वजह से मृतका के ससुरालवालों ने एक युवक और उसके दो साथियों पर विवाहिता को फोन पर परेशान करने के साथ-साथ पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों पर विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार यह मामला शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला जनकपुरी का है। इस इलाके के निवासी विवाहिता पूजा पत्नी दीपक ने आत्महत्या की है। इस घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच मृतका के परिजन भी बेटी के ससुराल पहुंच गए। उसके बाद मृतका के घरवालों ने जमकर हंगामा किया तो थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक संतोष त्यागी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उसके बाद परिजन की मौजूदगी में मृतक महिला का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इस सुसाइड के मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि मृतका पूजा ने बुधवार को ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 


मृतका के पिता ने इन युवकों का जिक्र कर पुलिस को दी तहरीर

बेटी की मौत के बाद पिता ने कुछ युवकों पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी 22 वर्षीय पुत्री पूजा की शादी 23 अप्रैल 2022 को दीपक पुत्र विनोद निवासी जनकपुरी में हुई थी। उनका कहना है कि पूजा को उसका पति और ससुराल के अन्य लोग हंसी खुशी रख रहे थे। पुलिस को दी हुई शिकायत में मृतका के पिता सुभाष ने बताया कि उसकी बेटी को शादी से पहले एक लड़का सोनू अपने दो दोस्त विजयपाल और राहुल के साथ मिलकर परेशान कर रहा था। इस वजह से पूजा की शादी कर दी थी लेकिन इन युवकों ने शादी के बाद भी परेशान करना बंद नहीं किया। यह लोग पूजा को फोन कर उसके पति को जान से मारने की धमकी देते थे।


पुलिस ने दो टीमों को गठित कर गिरफ्तारी के लिए किया रवाना

इन तीनों युवकों ने पूजा को धमकियों से परेशान पूजा को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। इसी वजह से पूजा ने आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता सुभाष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे प्रकरण में सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस की दो टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना की गई हैं।