Headlines
Loading...
यूपी : कानपुर निगम सदन के लिए दस अहम फैसले, वहीं स्कूलों पर कामर्शियल टैक्स और जुलाई तक नहीं धुल सकेंगे वाहन।

यूपी : कानपुर निगम सदन के लिए दस अहम फैसले, वहीं स्कूलों पर कामर्शियल टैक्स और जुलाई तक नहीं धुल सकेंगे वाहन।


कानपुर। नगर निगम कार्यकारिणी सदन की बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय की मौजूदगी में कई अहम फैसले लिए गए। विकास कार्यों की मंजूरी के साथ आय बढ़ाने से लेकर जनहित के निर्णय लिये गए हैं। आइए जानते हैं सदन में लिये गए दस अहम फैसले क्या हैं। 

1. निजी स्कूलों से नगर निगम कामर्शियल टैक्स (व्यावसायिक कर) वसूलेगा। कार्यकारिणी में अफसरों को आदेश दिए गए कि जोनवार ऐसे स्कूलों को चिह्नित करके उन पर टैक्स लगाएं। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि निजी स्कूल भारी फीस वसूल रहे हैं और नगर निगम को टैक्स नहीं देते। साइकिल और वाहन खड़े करने के लिए फुटपाथ अलग से घेर रखी है। ऐसे सभी स्कूलों को नोटिस देने के साथ ही यूजर चार्ज वसूला जाएगा।

2. महापौर ने बताया कि शहर में तमाम गेस्ट हाउसों में पार्किंग नहीं है। वह नगर निगम के फुटपाथ और सड़क का प्रयोग पार्किंग के रूप में कर रहे हैं। ऐसे सभी गेस्ट हाउस से टैक्स वसूला जाएगा। इसके लिए सभी जोनल प्रभारियों को आदेश दिया है कि सभी को चिह्नित करके जोनवार सूची बनाएं और अगली कार्यकारिणी के समझ प्रस्तुत करें।

3. नगर निगम श्रमिक कालोनियों पर पहली बार गृहकर लगाने की तैयारी कर रहा है। शहर की 16 कालोनियों को अभी जलकल सीवर टैक्स भेज रहा है। कार्यकारिणी की बैठक में फैसला लिया गया कि अब गृहकर भी भेजा जाएगा। इस प्रस्ताव को कार्यकारिणी ने पास कर दिया है। अब इसको सदन में रखा जाएगा। सदन की स्वीकृति के बाद शासन की सहमति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद इस पर अंतिम फैसला होगा

4. गर्मी के साथ ही पेयजल संकट को देखते हुए कार्यकारिणी में फैसला लिया गया है। मई से जुलाई तक सभी सर्विस सेंटर बंद रहेंगे। इस दौरान एक भी वाहन नहीं धोया जाएगा। महापौर ने कहा कि सभी जोनल अफसरों व जलकल के अधिशासी अभियंताओं को आदेश दिए है कि मई, जून और जुलाई तक शहर के सभी वाहन धोने वाले सर्विस सेंटरों को बंद रखा जाए। इस दौरान खोला जाता है तो जुर्माना वसूला जाएगा। वर्तमान समय में शास्त्रीनगर, रामबाग, शारदानगर, बजरिया समेत 25 सौ सर्विस सेंटर चल रहे है। जो रोज लाखों लीटर पानी बर्बाद करते है। इससे सड़कें भी उखड रही है।

5. महापौर ने नगर निगम की जमीनों का ब्यौरा सभी पार्षदों से मांगा है। उनके क्षेत्र में स्थित नगर निगम की जमीन पर कब्जा है तो सूची बनाकर दे। अगली कार्यकारिणी बैठक में प्रस्ताव रखकर खाली कराया जाएगा। जरूरत के हिसाब से मार्केट और बरातशाला का निर्माण कराया जाएगा।

6. नगर निगम में आउटसोर्सिंग में कार्यरत 218 कर्मचारियों का मानदेय बढ़ेगा। कार्यकारिणी ने छह हजार रुपये मानदेय पर कार्यरत कर्मचारियों का छह हजार रुपये वेतनमान बढ़ा दिया। अब 11 हजार रुपये तक कर्मचारियों को वेतन मिलेगा।

7. नगर निगम कार्यकारिणी ने बुधवार को सर्वसम्मति से फैसला लिया कि हर वार्ड में 15-15 लाख रुपये के कार्य कराए जाएंगे। हर वार्ड में 15-15 लाइटें लगेंगी और पांच हैंडपंप भी रीबोर होंगे। इसके अलावा, सड़कों के नामकरण से जुड़े 16 प्रस्तावों को कार्यकारिणी ने शर्त के साथ स्वीकृत कर दिया। सरायमीता पनकी समेत दो जगह बरातशाला बनाने के प्रस्ताव को भी कार्यकारिणी ने हरी झंडी दे दी है।

8. महापौर ने बताया कि सभी 110 वार्ड महापुरुषों और शहीदों के नाम पर रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि वह अपने वार्ड के नाम के आगे रानी लक्ष्मीबाई का नाम रखेंगी। हर वार्ड के पार्षद से महापुरुषों व बलिदानियों के नाम मांगे जाएंगे। अगली कार्यकारिणी की बैठक में हरी झंडी मिलने के बाद व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

9. कोपरगंज, ट्रांसपोर्ट नगर, कोयला नगर कबाड़ी मार्केट समेत कई जगह ट्रक और बसों के आवागमन से सड़क उखड़ जाती है। इनसे यूजर चार्ज वसूला जाएगा।

10. आवास विकास तीन में छठ पूजा नहर पर कर्मकांड स्थल की छत बनाई जाएगी। रानी घाट में छठ घाट और स्नान घाट बनाया जाएगा