Headlines
Loading...
यूपी : कानपुर नगर में मई महीने में कभी नरम तो कभी गर्म रहेगा मौसम।

यूपी : कानपुर नगर में मई महीने में कभी नरम तो कभी गर्म रहेगा मौसम।


कानपुर। कुछ राहत के बाद मई महीने में पहली बार तेज लू चली। इससे तापमान भी चढ़ गया। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर अधिकतम पारा छलांग मारकर 41 के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग का मानना है कि मई में मौसम कभी नरम तो कभी गर्म बना रहेगा। प्री मानसून गतिविधियां लगातार बन रही हैं जिसके चलते लगातार हीट वेव की संभावना कम हो गई है। अप्रैल की गर्मी के बाद मई का पहला सप्ताह सामान्य रहा है। 

वहीं अभी तक अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा है। इसके विपरीत पूरे अप्रैल भर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा था। बीच-बीच पारे में वृद्धि होगी लेकिन अब लगातार 40 के ऊपर रहने की संभावना नहीं है। शुक्रवार को तापमान में वृद्धि के बावजूद तापमान सामान्य से कम रहा। दो मई के बाद पहली बार एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री पहुंच गया लेकिन सीएसए में अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

वहीं इसी तरह एयरफोर्स वेदर स्टेशन में रात का पारा 26.6 और सीएसए में 24 डिग्री रहा। गुरुवार के मुकाबले अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में वृद्धि हुई। सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि देश और देश की सीमा के बाहर कई प्री मानसून गतिविधियां चल रही हैं। हवा की दिशा भी उत्तर-पश्चिम के बीच उत्तर पूर्वी बनी हुई है। इससे गर्मी की तीव्रता कम हो रही है। फिलहाल उमस भरी गर्मी जारी रहेगी। 24 से 48 घंटे के बीच लू तेज होगी लेकिन इसके बाद फिर मौसम सामान्य हो जाएगा।